द इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक गुजरात के राजकोट में मोबाइल गेम पबजी पर प्रतिबंध लगाया गया है.
इस प्रतिबंध के बाद यहां दस लोगों को पबजी खेलने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है.
पुलिस ने जांच के लिए इनके मोबाइल फ़ोन भी ज़ब्त कर लिए हैं. पुलिस का कहना है कि इस गेम को खेलने वाले इस हद तक आदी हो जाते हैं कि जब पुलिस की टीम इन्हें पकड़ने पहुंची तो उन्हें पुलिस के आने का अहसास तक नहीं हुआ.
भारत की प्रतिष्ठित सूचना-प्रौद्योगिकी कंपनी विप्रो के चेयरमैन अज़ीम प्रेमजी ने 52750 करोड़ रुपए और दान करने की घोषणा की है.
इस घोषणा के साथ दान के लिए उनकी समग्र प्रतिबद्धता 1,45,000 करोड़ रुपए हो गई है. द टाइम्स ऑफ़ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक इसी के साथ उनकी संस्था दुनिया की सबसे बड़ी फ़ाउंडेशन में से एक बन गई है.
बिल एंड मेलिंडा गेट्स फ़ाउंडेशन के पास करीब चालीस अरब डॉलर के निवेश हैं जबकि फ़ोर्ड फ़ाउंडेशन के पास करीब 12 अरब डॉलर हैं.
प्रेमजी ने ऐसे समय में इतनी बड़ी रकम दान की है जब भारत के अमीरों की दान देने की प्रवृति कम हुई है. एक रिपोर्ट के मुताबिक भारत के सबसे अमीर लोग पांच साल के मुकाबले कम दान कर रहे हैं.
सरकारी दूरसंचार कंपनी बीएसएनएल के 1.76 लाख कर्मचारियों को फ़रवरी माह का वेतन नहीं मिला है.
द हिंदू की एक रिपोर्ट के मुताबिक एमटीएनएल की भी हालात ख़राब हैं, जहां सैलरी देरी से मिल रही है. एमटीएनएल के कर्मचारी एसोसिएशन के अध्यक्ष जेजे माठियाज़ ने अख़बार से कहा कि कर्मचारियों को अभी तक फ़रवरी माह का वेतन नहीं मिला है.
भारत के दूरसंचार क्षेत्र में बढ़ती प्रतिस्पर्धा की वजह से सरकारी कंपनियों की हालत ख़राब है.
द इंडियन एक्सप्रेस की ही एक और रिपोर्ट के मुताबिक मुद्रा नौकरी सर्वेक्षण के डेटा को भी सरकार ने ठंडे बस्ते में डाल दिया है.
सूत्रों के मुताबिक मुद्रा योजना के डेटा को चुनावों के बाद जारी किया जाएगा क्योंकि विशेषज्ञ समिति ने ब्यूरो के नतीजे तक पहुंचने के तरीके में गड़बड़ी पाई है.
ये सर्वे लेबर ब्यूरो ने किया है और इसमें मुद्रा योजना के तहत पैदा हुई नौकरियों का डेटा जुटाया गया है.
No comments:
Post a Comment